सिद्धार्थ कांकरिया @ थांदला
8लेन एक्सप्रेसवे टीमरवानी – रतलाम हिस्से को शुरू हुए लगभग 2 वर्ष पूर्ण हो चुके है। लेकिन यहां पत्थरबाजी की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही है। 8लेन एक्सप्रेसवे का उद्देश्य दिल्ली—मुंबई जैसे बड़े शहरों को आपस में जोड़ना। नागरिकों को पर्याप्त सुरक्षा और सुविधा देकर नागरिकों के समय की बचत करना और व्यापार को बढ़ावा देना हैं।
8लेन एक्सप्रेसवे पर पत्थरबाजी की घटनाएं लगातार चल रही है। इन घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग करने के दावे कर रही है। वहीं कुछ दिनों पहले महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया द्वारा ड्रोन कैमरे से यात्रियों को सुरक्षा देने का दावा किया गया था। किंतु लगातार हो रही पत्थरबाजी इस दावे को फेल करती नजर आ रही है।पत्थरबाजों में पुलिस पेट्रोलिंग और ड्रोन का बिल्कुल भी खौफ नहीं हैं।
जानकारी देते हुए सैलाना निवासी अकील खान ने बताया कि वह अपने घर सैलाना से अपनी पत्नी अमरीन को मायके छोड़ने थांदला आया था। वापस लौटते समय रविवार रात को पत्थरबाजों द्वारा उनकी गाड़ी पर पथराव किया गया। जिससे उनकी गाड़ी के आगे के शीशे टूट गए। ड्राइवर ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी को नहीं रोका और सीधे धामनोद टोल प्लाजा पर जाकर रुके। यह घटना रतलाम क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित अकील खान द्वारा देर रात को घटना की सूचना धामनोद चौकी पहुंचकर दी।