सिद्धार्थ कांकरिया @ थांदला
थांदला। जिला पुलिस प्रशासन और उदय सामाजिक विकास संस्था द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष में 12 मार्च (बुधवार) ‘परिवार उत्सव 2025’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ग्राम पंचायत बड़ी धामनी में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में हिंसा से पीड़ित महिलाओं के प्रकरण में उल्लेखनीय कार्य करते हुए उनके जीवन में सुधार लाने हेतु न्याय चौपाल की 10 महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं सामाजिक क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य करने हेतु न्याय चौपाल, विकास मंच, स्वयं सहायता समूह उदय स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे ने बताया कि अंचल में प्रथाओं के नाम पर महिलाओं का शोषण हो रहा है। उसकी समाप्ति केवल सामुदायिक जागरूकता से ही संभव है। भांजगड़िया प्रथा, डीजे रस्मों में पैसों की बर्बादी से परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। परिवार कर्जदार होते जा रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीओपी रविंद्र राठी, थाना प्रभारी बृजेश कुमार मालवीय, सरपंच रंगू डामोर, सचिव डोमिनिक डामोर आदि थे।
कार्यक्रम में एडवोकेट हर्षिता अवस्थी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के संदर्भ पत्र का वाचन करते हुए महिला दिवस के इतिहास, चुनौती और अवसरों पर प्रकाश डाला। स्वागत भाषण यूनिट निर्देशिका निर्मला मरांडी द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में किशोर बालिका समूह, महिला न्याय चौपाल समूह ने लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। संस्था के द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया कार्यक्रम में विशेष सहयोग बड़ी धामनी सरपंच रीना बिलवाल, छोटी धमनी सरपंच वहाड़िया गरवाल द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन उदय संस्था की पदाधिकारी विद्या भूरिया और सोनू सोलंकी द्वारा किया गया।