सिद्धार्थ कांकरिया @ थांदला
थांदला। भारत देश के मूल संस्कार, देश की विविधता में एकता, देश की संस्कृति से नवपौध को जोड़ना। साथ ही देश और विश्व के विकास में विद्यार्थियों को सहभागी बनाने के उद्देश्य से थांदला की न्यू हिमालय स्कूल में ‘एकता उत्सव’ का आयोजन किया गया। आयोजन की गरिमा को विद्यार्थियों ने बखूबी निभाया और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से एकता और अनुशासन की अनूठी मिसाल पेश की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी तरुण जैन थे। विशेष अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी पणदा, भाजपा युवा नेता सुनील पणदा, संजय भाबर थे।
अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देश की विविधताओं के बावजूद देश की एकता के विभिन्न उदाहरण प्रस्तुत किए। अतिथियों ने विद्यार्थियों से अपनी क्षमता, आत्मविश्वास और एकाग्रता के बल पर देश कल्याण में योगदान देने की बात कही। साथ ही अतिथियों ने विद्यालय को देश की एकता पर आधारित उत्सव को मनाने जैसे कार्यक्रमों को आयोजित करने की प्रशंसा भी की।
कार्यक्रम का संचालन संस्था के शिक्षकों और विद्यार्थियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का आभार प्राचार्य गीता शर्मा, संचालक बुरहान कल्याणपुरावाला ने माना। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नगर के गणमान्य नागरिक और अभिभावक मौजूद रहे।