सिद्धार्थ कांकरिया @ थांदला
थांदला। शहर में अन्य राज्यों से आकर शांति भंग करने के मामले में थांदला पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। दोनों युवक गोधरा निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों युवकों पर भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार फुरकान पिता यूनुस पठान उम्र 35 वर्ष निवासी गोधरा और पठान मोहम्मद इरफान उम्र 31 वर्ष निवासी धन्तिया गोधरा, थांदला की पद्मावती नदी की रपट पर विवाद कर रहे थे। जिसकी सूचना राहगीरों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर थांदला पुलिस पहुंची और देखा कि दोनों युवक विवाद कर रहे हैं। दोनों युवकों से उनका उनका पता पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह गोधरा के निवासी हैं। दोनों युवकों को शांति भंग करने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि थांदला में कुछ दिनों पहले नागदा निवासी अपराधी सलमान लाला द्वारा फर्जी पासपोर्ट बनवाया गया था। इसके बाद पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है। इधर झाबुआ कलेक्टर द्वारा नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किया गया है। सभी मामलों को लेकर थांदला पुलिस सतर्कता बरत रही है। प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि उनके मकान और दुकान के किराएदारों के आधार कार्ड संलग्न कर सूची थाने में प्रस्तुत की जाए। ताकि आपराधिक गतिविधियों पर कार्रवाई लगाई जा सके।